नैनीडांडा ब्लॉक के पटोटिया गांव में भालू का आतंक, गौशाला में घुसकर गाय को बनाया निवाला
प्रदेश/लोकल न्यूज़

नैनीडांडा ब्लॉक के पटोटिया गांव में भालू का आतंक, गौशाला में घुसकर गाय को बनाया निवाला

नैनीडांडा (पौड़ी)। नैनीडांडा ब्लॉक के पटोटिया गांव में एक बार फिर जंगली जानवरों का आतंक देखने को मिला है। गांव में देर रात एक भालू ने गौशाला में घुसकर एक गाय को अपना निवाला बना लिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।

ग्राम प्रधान संजना देवी एवं ग्राम सभा पटोटिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह जब घर की महिला दूध निकालने के लिए गौशाला पहुंची तो अंदर का मंजर देखकर वह स्तब्ध रह गई। भालू ने गौशाला की छत तोड़कर भीतर प्रवेश किया था। छत पूरी तरह क्षतिग्रस्त पड़ी थी और अंदर गाय का शव देखकर महिला फूट-फूटकर रोने लगी।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव और आसपास के क्षेत्रों में लगातार जंगली जानवरों की गतिविधियां बढ़ती जा रही हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। खास बात यह है कि इसी गांव में यह तीसरी बार है जब जंगली जानवरों द्वारा हमला किया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।

घटना के बाद ग्रामीण जनता में शासन-प्रशासन के प्रति रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने मांग की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल उचित मुआवजा दिया जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए वन विभाग और प्रशासन द्वारा प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि ग्रामीणों और उनके पशुधन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *