2027 चुनाव की तैयारी में कांग्रेस एक्टिव, 16 फरवरी को राजभवन घेराव का ऐलान
राज्य

2027 चुनाव की तैयारी में कांग्रेस एक्टिव, 16 फरवरी को राजभवन घेराव का ऐलान

2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए उत्तराखंड कांग्रेस अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। बीते दिनों दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान की बैठक के बाद पार्टी ने राज्य में अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा दिए गए निर्देशों के बाद प्रदेश कांग्रेस को चुनावी रणनीति को जमीनी स्तर पर लागू करने को कहा गया है।

इसी क्रम में आज देहरादून स्थित कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की अध्यक्षता में कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव और आने वाले समय में होने वाले पार्टी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई।

बैठक के बाद कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पार्टी नेताओं ने बताया कि कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार, महिला उत्पीड़न, महंगाई और बेरोजगारी जैसे जन मुद्दों को लेकर 16 फरवरी को राजभवन का घेराव करेगी। इसके साथ ही अगले तीन महीनों तक प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में स्थानीय मुद्दों के साथ-साथ राज्य स्तरीय समस्याओं को लेकर जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज़ को सड़क से सदन तक मजबूती से उठाएगी। वहीं वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह ने अंकिता भंडारी मामले को लेकर सरकार पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि अब तक CBI जांच की स्थिति को सार्वजनिक नहीं किया गया है, जिसे सरकार को स्पष्ट करना होगा।

वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी साफ किया कि कांग्रेस संगठन और आंदोलन दोनों स्तर पर सरकार को घेरने की रणनीति पर काम कर रही है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति और अधिक तेज होने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *