केदारनाथ यात्रा में ओवररेटिंग करने वाले घोड़ा हॉकर्स पर पुलिस का शिकंजा, श्रद्धालुओं के 39,500 रुपये कराए वापस
Latest राज्य शिक्षा

केदारनाथ यात्रा में ओवररेटिंग करने वाले घोड़ा हॉकर्स पर पुलिस का शिकंजा, श्रद्धालुओं के 39,500 रुपये कराए वापस

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर तीर्थयात्रियों से अधिक किराया वसूलने वाले घोड़ा हॉकर्स के खिलाफ रुद्रप्रयाग पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए श्रद्धालुओं के पैसे वापस करवाए और संबंधित लोगों का चालान किया।

पुलिस के अनुसार, 28 मई 2026 को भीमबली क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर, करेली और इंदौर से श्री केदारनाथ धाम दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं से पूछताछ की गई। इस दौरान यात्रियों ने बताया कि गौरीकुंड के पास कुछ घोड़ा हॉकर्स ने उन्हें केदारनाथ पहुंचाने के नाम पर 6 घोड़ों के लिए कुल 39,500 रुपये वसूल लिए थे।

यात्रियों में दिनेश विश्वकर्मा, राकेश पटेल, दीपक राय, श्रीमती निर्मला, श्रीमती संगीता गाडेकर और श्रीमती मालिनी रखूंदे शामिल थे। उन्होंने बताया कि घोड़ा संचालकों ने जिला पंचायत की कोई अधिकृत पर्ची भी जारी नहीं की थी और प्रति सवारी 6,500 रुपये की दर से किराया लिया गया था, जबकि गौरीकुंड से केदारनाथ तक घोड़े का निर्धारित सरकारी किराया 3,500 रुपये है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित घोड़ा हॉकर्स के पास कोई वैध लाइसेंस नहीं था। जिन घोड़ों का उपयोग सवारी के लिए किया जा रहा था, वे मालवाहक श्रेणी के थे और उन्हें यात्रियों के परिवहन के लिए अधिकृत नहीं किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर यात्रियों से वसूली गई अतिरिक्त राशि वापस करवाई। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने, बिना लाइसेंस संचालन करने और निर्धारित दर से अधिक किराया वसूलने पर संबंधित घोड़ा हॉकर्स के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान की कार्रवाई की गई।

रुद्रप्रयाग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्रा मार्ग पर अनधिकृत गतिविधियों, ओवररेटिंग और श्रद्धालुओं के साथ धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *