उत्तराखंड सचिवालय बैडमिंटन प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ, 200 से अधिक खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
Latest खेल राज्य

उत्तराखंड सचिवालय बैडमिंटन प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ, 200 से अधिक खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

देहरादून। उत्तराखंड सचिवालय बैडमिंटन क्लब की वार्षिक बैडमिंटन प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ शनिवार को देहरादून के परेड ग्राउंड स्थित मल्टीपरपज हॉल में खेल मंत्री रेखा आर्या ने किया। प्रतियोगिता में 200 से अधिक खिलाड़ी विभिन्न वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

इस अवसर पर खेल मंत्री रेखा आर्या ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं है, बल्कि यह संघर्ष, परिश्रम, अनुशासन और समर्पण जैसे जीवन मूल्यों की सीख भी देता है। उन्होंने कहा कि खेल व्यक्ति के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

रेखा आर्या ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के बाद उत्तराखंड में खेल संस्कृति को नई मजबूती मिली है। प्रदेश के खेल मैदान लगातार खिलाड़ियों की गतिविधियों से गुलजार हैं और युवा खेलों के प्रति अधिक आकर्षित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। खेल को करियर के रूप में अपनाने के लिए खिलाड़ियों को आरक्षण सहित कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे प्रदेश के युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।

खेल मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में उत्तराखंड राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की बड़ी खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी करने में भी सक्षम होगा। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *