देहरादून।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम एवं भारत निर्वाचन आयोग के उप निर्वाचन आयुक्त संजय कुमार ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में गणना फार्मों के वितरण एवं डिजिटाइजेशन कार्य को तय समयसीमा में शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जिन जनपदों में फार्म वितरण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है, वहां डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने जिलाधिकारियों को बूथवार समीक्षा करने तथा जिन बूथों पर प्रगति धीमी है वहां अतिरिक्त कार्मिकों को हेल्पिंग हैंड के रूप में तैनात करने के निर्देश दिए।

डॉ. पुरुषोत्तम ने निर्देशित किया कि घर पर अनुपस्थित मतदाताओं के सत्यापन के लिए बीएलओ और बीएलए संयुक्त रूप से मतदाता के घर जाएं तथा अनिवार्य रूप से तीन बार विजिट करें, ताकि कोई पात्र मतदाता छूटने न पाए।
उप निर्वाचन आयुक्त संजय कुमार ने कहा कि जिन जनपदों में फार्म वितरण पूर्ण हो चुका है और मतदाता अनुपस्थित पाए गए हैं, वहां डिजिटाइजेशन के बाद ऐसे मतदाताओं की सूची संबंधित बूथ लेवल एजेंट्स (BLA) के साथ साझा की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि एबसेंट, शिफ्टेड, डेथ और डुप्लीकेट मतदाताओं के मामलों में बीएलओ गणना फार्म पर फील्ड रिपोर्ट अवश्य दर्ज करें।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी एवं निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO) उपस्थित रहे।
