मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में राज्य गंगा समिति की 19वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक में गंगा संरक्षण, सीवरेज प्रबंधन और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि राज्य और जनपद गंगा समितियों की बैठकें निर्धारित समय सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से आयोजित की जाएं। उन्होंने स्टेट मिशन फॉर क्लीन गंगा (SPMG) को मुख्यालय स्तर पर प्रभावी निगरानी तंत्र विकसित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्य सचिव ने प्रदेश के सभी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) की 24×7 रियल टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी STP के इनलेट और आउटलेट पर CCTV कैमरे लगाए जाएं तथा जिला और राज्य स्तर पर अगले एक महीने के भीतर रियल टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम तैयार किया जाए।

उन्होंने उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (UKPCB) को औचक निरीक्षण के माध्यम से प्रदेशभर के STP की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए, ताकि उपचारित जल की गुणवत्ता और संचालन व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा सके।
मुख्य सचिव ने गंगा और उसकी सहायक नदियों के किनारे बसे प्रमुख शहरों हरिद्वार, रुड़की, ऋषिकेश और देहरादून में सीवरेज नेटवर्क का विस्तार करने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने STP से निकलने वाले उपचारित जल का उपयोग सिंचाई एवं औद्योगिक कार्यों में बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
बैठक में सचिव रणवीर सिंह चौहान, विशेष सचिव एवं सदस्य सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते, अपर सचिव रोहित मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और सभी जनपदों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।
