कालाढूंगी में सेवा, सुशासन एवं समर्पण शिविर: 165 शिकायतों का मौके पर निस्तारण, 410 लोगों को मिला लाभ
Latest देहरादून न्यूज

कालाढूंगी में सेवा, सुशासन एवं समर्पण शिविर: 165 शिकायतों का मौके पर निस्तारण, 410 लोगों को मिला लाभ

उत्तराखंड सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” अभियान के तहत शनिवार को कालाढूंगी के अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में विशाल जनकल्याणकारी एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत ने किया।

शिविर में सिंचाई, वन, राजस्व, भूमि संबंधी मामलों, जल जीवन मिशन, भू-कटाव, दिव्यांग पेंशन, किसान सम्मान निधि, विद्युत, आय, जाति एवं स्थायी प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र समेत विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

प्रशासन के अनुसार शिविर में प्राप्त 165 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि 410 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ प्रदान किया गया।

इस दौरान विधायक बंशीधर भगत ने मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से एक पात्र लाभार्थी को 25 हजार रुपये का चेक भी सौंपा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।

शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई। प्रशासन ने कहा कि इस तरह के शिविरों के माध्यम से आम जनता को सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *