नैनीताल। मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे की अध्यक्षता में जनपद नैनीताल में मोबाइल नेटवर्क सेवाओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बीएसएनएल, जियो, एयरटेल, इंडस टावर्स और वोडाफोन आइडिया के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जनपद के कई शैडो क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की अनुपलब्धता के कारण आम जनता के साथ-साथ सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को भी शासकीय कार्यों के संचालन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सभी दूरसंचार कंपनियों को संयुक्त सर्वेक्षण कर 15 दिनों के भीतर नेटवर्क व्यवस्था में प्रभावी सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि नेटवर्क की समस्या के कारण MMS मैसेज मॉनिटरिंग सिस्टम, विभिन्न ऑनलाइन मॉनिटरिंग एवं रिपोर्टिंग सिस्टम, DAY-NRLM, REAP, Viksit Bharat BGRM सहित कई सरकारी पोर्टलों और मोबाइल एप्लीकेशनों पर कार्य प्रभावित हो रहा है। साथ ही मस्टर रोल की ऑनलाइन प्रविष्टि और अन्य विभागीय कार्य भी समय पर नहीं हो पा रहे हैं।

बैठक में हल्द्वानी-भीमताल मार्ग तथा हल्द्वानी-भुजियाघाट-नैनीताल मार्ग पर नेटवर्क प्रभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण कर आवश्यक स्थानों पर मोबाइल टावरों की क्षमता, फ्रीक्वेंसी और कवरेज बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि नैनीताल देश का प्रमुख पर्यटन स्थल है और यहां आने वाले पर्यटकों को बेहतर मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध कराना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कोटाबाग, पंगोट, धारी, ढिकुली (रामनगर) तथा ओखलकांडा के नेटवर्क प्रभावित क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर मोबाइल कनेक्टिविटी मजबूत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी टेलीकॉम कंपनियों से समन्वय बनाकर तय समयसीमा के भीतर जनपद के सभी शैडो क्षेत्रों में निर्बाध मोबाइल नेटवर्क सेवा उपलब्ध कराने को कहा।
