उत्तरकाशी जनपद में लगातार हो रही बारिश के चलते यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग कई स्थानों पर मलबा और पत्थर गिरने से बाधित हो गया है। पालीगाड, स्यानाचट्टी, बढ़िया, हनुमान चट्टी, राणाचट्टी, झझरघाट और जंगल चट्टी क्षेत्र में सड़क पर भारी मलबा आने के कारण यातायात पूरी तरह प्रभावित है।
प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मार्ग को खोलने के लिए युद्धस्तर पर राहत एवं सफाई कार्य में जुटी हुई हैं। यात्रियों और स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचें तथा यात्रा पर निकलने से पहले मार्ग की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।
लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है, ऐसे में प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जारी मौसम संबंधी सलाह का पालन करने की अपील की है।
