September 12, 2026
उत्तराखंड में PNG पाइपलाइन कार्यों की समीक्षा, कुंभ-2027 से पहले हरिद्वार में काम पूरा करने के निर्देश
Latest देहरादून न्यूज

उत्तराखंड में PNG पाइपलाइन कार्यों की समीक्षा, कुंभ-2027 से पहले हरिद्वार में काम पूरा करने के निर्देश

देहरादून: मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय में प्रदेश में बिछाई जा रही पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) पाइपलाइन एवं कनेक्शन कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों, गैस कंपनियों और जिलाधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि बारिश का मौसम समाप्त होते ही सड़क खुदाई की अनुमति मिलने पर PNG पाइपलाइन बिछाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से हरिद्वार जनपद में कुंभ-2027 से पहले PNG से जुड़े सभी आवश्यक कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी जिलों से संबंधित एजेंसियों को विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा, ताकि जहां नई सड़कें या अन्य निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं, वहां पहले से ही PNG पाइपलाइन का प्रावधान शामिल किया जा सके। इससे भविष्य में बार-बार सड़क खोदने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और समय व संसाधनों की बचत होगी।

मुख्य सचिव ने आपूर्ति विभाग को गैस कंपनियों के लिए भूमि आवंटन, किराया एवं लीज से संबंधित एक स्पष्ट नीति शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे विभिन्न जनपदों में PNG प्लांट और अन्य आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए भूमि हस्तांतरण की समस्याओं का समाधान होगा तथा परियोजनाओं में तेजी आएगी।

उन्होंने प्रस्तावित नीति में रोड कटिंग और रोड डिगिंग पॉलिसी को भी शामिल करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि सड़क एवं अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों को खुदाई के बाद निर्धारित मानकों के अनुसार शीघ्र पूर्व स्थिति में बहाल किया जाए।

मुख्य सचिव ने प्रत्येक एजेंसी को विस्तृत टाइमलाइन और टाइमफ्रेम तैयार करने के निर्देश देते हुए भारत सरकार की गोवर्धन योजना के तहत उपलब्ध सब्सिडी का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने पर भी जोर दिया।

बैठक में अपर सचिव श्रीमती रूचि मोहन रयाल, आयुक्त खाद्य एवं आपूर्ति श्री बी.एल. राणा, अपर आयुक्त श्री पी.एस. पांगती, विभिन्न जनपदों के जिलाधिकारी तथा गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *