उत्तरकाशी जनपद के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में चलाए जा रहे साहसिक अभियान के दौरान फंसे ट्रेकर्स और अभियान दल के सदस्यों के सुरक्षित रेस्क्यू का सिलसिला जारी है। सोमवार को कालिंदी पास बेस और ऑडिन कोल बेस क्षेत्र से कुल 40 सदस्यों का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
जानकारी के अनुसार, कालिंदी पास बेस क्षेत्र से 11 सदस्यों को सुरक्षित निकाला गया, जबकि ऑडिन कोल बेस क्षेत्र से 29 सदस्यों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया। इस तरह दोनों क्षेत्रों से कुल 40 सदस्यों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया है।
रेस्क्यू अभियान जिलाधिकारी उत्तरकाशी श्री प्रशांत आर्य के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है। अभियान के दौरान संबंधित रेस्क्यू टीमें हर्षिल सहित विभिन्न पड़ावों पर आवश्यक समन्वय और कार्रवाई कर रही हैं, ताकि सभी सदस्यों को सुरक्षित रूप से निर्धारित स्थानों तक पहुंचाया जा सके।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने स्मार्ट कंट्रोल रूम पहुंचकर रेस्क्यू अभियान की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अभियान में लगी सभी टीमों को पूरी तत्परता और समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही अन्य आवश्यक सेवाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
