October 7, 2026
हरियाणा के युवाओं ने की सीएम धामी से मुलाकात, उत्तराखंड की कनेक्टिविटी, पर्यटन और होम-स्टे की सराहना
Latest देहरादून न्यूज

हरियाणा के युवाओं ने की सीएम धामी से मुलाकात, उत्तराखंड की कनेक्टिविटी, पर्यटन और होम-स्टे की सराहना

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड के तीन दिवसीय भ्रमण पर आए हरियाणा के युवाओं ने भेंट की। इस दौरान युवाओं ने उत्तराखंड भ्रमण के दौरान प्राप्त अनुभव मुख्यमंत्री के साथ साझा किए और राज्य में कनेक्टिविटी, पर्यटन, होम-स्टे, सौर ऊर्जा, सीमांत क्षेत्रों के विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

हरियाणा के युवाओं ने बताया कि तीन दिनों के भ्रमण के दौरान उन्हें उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों को करीब से जानने और सरकार की योजनाओं के स्थानीय स्तर पर पड़ रहे प्रभावों को समझने का अवसर मिला। उन्होंने पर्वतीय भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद सड़क और डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। युवाओं ने रेलवे नेटवर्क के विस्तार के लिए किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया।

युवाओं ने उत्तराखंड के स्वच्छ पर्यावरण और बेहतर वायु गुणवत्ता की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि होम-स्टे को बढ़ावा देने और इसके लिए सरकार द्वारा दी जा रही सहायता से स्थानीय लोगों के लिए स्वरोजगार के नए अवसर विकसित हो रहे हैं। सीमांत क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं के विकास तथा स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी उन्होंने प्रभावी बताया।

हरियाणा के युवाओं ने उत्तराखंड में तीर्थाटन और पर्यटन के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी और पर्यटन सुविधाओं के चलते राज्य में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हो रही है। युवाओं ने सोलर रूफटॉप योजना को भी उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप उपयोगी पहल बताया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि “अतिथि देवो भवः” देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति और परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि अंतर-राज्यीय भ्रमण से युवाओं को देश की सांस्कृतिक विविधता, विभिन्न राज्यों में किए जा रहे नवाचारों और विकास की कार्यप्रणालियों को समझने का अवसर मिलता है। इससे राज्यों के बीच विचारों और अनुभवों का आदान-प्रदान भी बढ़ता है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे उत्तराखंड में तीन दिनों के दौरान देखे और समझे गए अनुभवों को अपने मित्रों तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि हरियाणा से आए युवा उत्तराखंड के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर की भूमिका निभा सकते हैं।

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति, पर्यटन, तीर्थाटन, स्थानीय उत्पादों, होम-स्टे, मिलेट्स, हस्तशिल्प और महिला स्वयं सहायता समूहों के कार्यों की जानकारी देश के अन्य हिस्सों तक पहुंचाने में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों के युवाओं के बीच संवाद देश की विविधता को समझने और एक-दूसरे से सीखने का माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से उत्तराखंड से जुड़े अपने सकारात्मक अनुभव हरियाणा के अन्य युवाओं के साथ साझा करने और दोनों राज्यों के बीच संस्कृति, पर्यटन, नवाचार तथा बेहतर कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान को आगे बढ़ाने में सहभागी बनने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *