October 7, 2026
हल्द्वानी-ऊधमसिंह नगर में विकास परियोजनाओं का निरीक्षण, सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने दिए समयबद्धता और गुणवत्ता के निर्देश
Latest देहरादून न्यूज

हल्द्वानी-ऊधमसिंह नगर में विकास परियोजनाओं का निरीक्षण, सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने दिए समयबद्धता और गुणवत्ता के निर्देश

हल्द्वानी/उधमसिंह नगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के तहत प्रदेश के शहरों को बेहतर सुविधाओं, आकर्षक स्वरूप और सुनियोजित विकास से जोड़ने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में आवास एवं राज्य सम्पत्ति सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने हल्द्वानी एवं उधमसिंह नगर जिले के विभिन्न प्रस्तावित और निर्माणाधीन विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

हल्द्वानी में हैराखान चौराहे पर मानसखंड थीम आधारित रोटरी और कुसुमखेड़ा चौराहे पर नारी शक्ति थीम आधारित रोटरी विकसित किए जाने की योजना है। इन परियोजनाओं के माध्यम से शहर के प्रमुख चौराहों को आकर्षक स्वरूप देने के साथ उत्तराखण्ड की संस्कृति और नारी शक्ति की थीम को प्रदर्शित किया जाएगा।

रामलीला ग्राउंड के समीप स्थित डी.के. पार्क के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य भी प्रस्तावित हैं। पार्क में आमजन की सुविधा एवं स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ओपन जिम उपकरण लगाए जाएंगे। वहीं नरीमन क्षेत्र से लगभग 200 मीटर मार्ग के रोड मीडियन में वृक्षारोपण एवं हरितीकरण का कार्य प्रस्तावित है। इन कार्यों के लिए इसी माह टेंडर आमंत्रित किए जाने प्रस्तावित हैं।

निरीक्षण के दौरान हाईकोर्ट के लिए प्रस्तावित भूमि का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार को प्रस्तावित स्थल एवं उससे संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई। सचिव ने सभी परियोजनाओं को आपसी समन्वय के साथ आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

इसके बाद उधमसिंह नगर के रुद्रपुर, किच्छा और सितारगंज क्षेत्र में निर्माणाधीन विकास कार्यों का निरीक्षण किया गया। रुद्रपुर में मोदी मैदान के समीप प्रस्तावित इंडोर एवं आउटडोर स्टेडियम की कार्ययोजना और ले-आउट का निरीक्षण करते हुए पूर्व में दिए गए सुझावों एवं संशोधनों को शामिल कर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए।

किच्छा के ग्राम खुर्पिया फार्म में 3.50 एकड़ भूमि पर 12.48 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक बस अड्डे का भी निरीक्षण किया गया। कार्य पूर्ण होने के बाद बस अड्डे को 15 अप्रैल 2026 को उत्तराखण्ड परिवहन विभाग को हस्तांतरित किया जा चुका है। सचिव ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की सराहना करते हुए कहा कि एम्स सैटेलाइट सेंटर और पंतनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निकट होने के कारण यह बस अड्डा क्षेत्रीय आवागमन के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।

सितारगंज के मुख्य बाजार में 3.51 एकड़ भूमि पर 9.75 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे पार्क एवं पार्किंग कॉम्प्लेक्स का भी निरीक्षण किया गया। परियोजना के तहत 48 वाहनों की पार्किंग, 12 आधुनिक दुकानें, प्रसाधन सुविधाएं, ओपन जिम, किड्स प्ले एरिया और लैंडस्केपिंग कार्य किए जा रहे हैं। सचिव ने अवशेष फिनिशिंग कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, सिंचाई विभाग, उत्तराखण्ड पेयजल निर्माण निगम तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *