January 25, 2026
रिश्तों का खून: मां-भाई-भाभी पर युवक की हत्या की कोशिश, दोनों हाथ काटने पड़े
Latest राज्य

रिश्तों का खून: मां-भाई-भाभी पर युवक की हत्या की कोशिश, दोनों हाथ काटने पड़े

टिहरी गढ़वाल | विशेष संवाददाता

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बालगंगा तहसील की बासर पट्टी स्थित लस्यालगांव में एक युवक ने अपनी ही मां, भाई और भाभी पर जानलेवा हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस हमले में युवक को अपने दोनों हाथ गंवाने पड़े।

परिवारिक विवाद बना खूनी संघर्ष

प्राप्त जानकारी के अनुसार लस्यालगांव निवासी अंग्रेज सिंह पुत्र स्वर्गीय गजे सिंह का अपने परिवार के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते उसकी मां जेठी देवी और भाभी ने मुंबई में होटल में काम कर रहे बड़े बेटे व भाई पूरब सिंह को गांव बुलाया।

शुक्रवार देर रात पूरब सिंह के गांव पहुंचते ही हालात बिगड़ गए। आरोप है कि मां, भाई और भाभी ने मिलकर अंग्रेज सिंह पर चाकू और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया।

दोनों हाथों पर किया गया बेरहमी से वार

पीड़ित के अनुसार हमले के दौरान उसके दोनों हाथों पर लगातार वार किए गए, जिससे हड्डियां बाहर निकल आईं। इसके अलावा गले पर भी चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल अंग्रेज सिंह शनिवार सुबह से दोपहर तक गांव में ही असहनीय दर्द से तड़पता रहा।

बाद में उसका भाई पूरब सिंह ही 108 एंबुलेंस के जरिए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलेश्वर ले गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर कर दिया।

डॉक्टरों को काटने पड़े दोनों हाथ

श्रीनगर बेस अस्पताल में डॉक्टरों ने युवक की हालत को अत्यंत नाजुक बताया और जान बचाने के लिए उसके दोनों हाथ काटने का फैसला लिया। इलाज के बाद अगले दिन युवक को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

घटना के बाद किसी तरह गांव लौटे अंग्रेज सिंह ने मंगलवार को चमियाला पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर घनसाली थाना में पीड़ित की तहरीर पर उसके भाई पूरब सिंह और भाभी अंजली देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *