मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में विकास कार्यों को गति देने के लिए कुल 37.23 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। जनपद ऊधमसिंहनगर के विधानसभा क्षेत्र सितारगंज में ग्राम निर्मल नगर एवं राजनगर को ग्राम सिसोना से जोड़ने हेतु बैगुल नदी पर 150 मीटर स्पान आरसीसी सेतु निर्माण के लिए 11.40 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के अंतर्गत जनपद पौड़ी के विकासखंड बीरोंखाल में सीली मल्ली से ग्राम खैरड़ा तक मोटर मार्ग, जनपद चम्पावत में मंच तामली मोटर मार्ग तथा विकासखंड पाटी के रेगल बैण्ड मूलाकोट से अमोली तक ग्रामीण मोटर मार्ग निर्माण के लिए 8.39 करोड़ रुपये नाबार्ड से वित्तपोषण के लिए अनुमोदित किए गए हैं। 15वें वित्त आयोग की संस्तुतियों के क्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य परिचर्या सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु सहायता उपकेंद्र (ग्रामीण) योजना के लिए 13.65 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके अतिरिक्त समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत धारचूला के ग्राम वैगा में निकास नाली टीएसपी कार्यान्वयन के लिए 52.11 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। प्राकृतिक आपदा से प्रभावित उत्तरकाशी के धराली गांव में पशु क्षति प्रभावितों को 10.56 लाख रुपये की सहायता, हरिद्वार के रुड़की क्षेत्र में जीवनदीप आश्रम से मुख्य मार्ग तक सड़क एवं जीवनदीप एकेडमी गुरुकुलम में हॉल निर्माण हेतु 82.60 लाख रुपये, डीडीहाट के मड़माडले में संपर्क मार्ग व टाइल्स निर्माण के लिए 42.65 लाख रुपये, पुरोला में वन विभाग की घोषणा के क्रियान्वयन हेतु 1.05 करोड़ रुपये तथा पंचायतीराज विभाग की घोषणा के लिए 86.55 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास योजनाओं से प्रदेश में आधारभूत संरचना मजबूत होगी और ग्रामीण क्षेत्रों में कनेक्टिविटी व स्वास्थ्य सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार आएगा।
Latest
राज्य
प्रदेश में विकास को रफ्तार: मुख्यमंत्री ने 37.23 करोड़ की योजनाओं को दी मंजूरी
- by Garhdesh Samachar
- February 11, 2026
- 0 Comments
- 3 Views
