देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को श्रमिक प्रशिक्षण पोर्टल (Training Management System – TMS) का शुभारंभ किया। इस पोर्टल के माध्यम से प्रदेश के श्रमिकों को दिया जाने वाला कौशल प्रशिक्षण पूरी तरह ऑनलाइन, पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पोर्टल श्रमिकों को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए उनके कौशल विकास को नई दिशा देगा और प्रशिक्षण को सीधे रोजगार से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा।

डिजिटल प्रक्रिया से होगा प्रशिक्षण का पूरा प्रबंधन
टीएमएस पोर्टल के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदाताओं और मूल्यांकनकर्ताओं का चयन पूरी तरह डिजिटल प्रक्रिया के तहत किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान उपस्थिति, मूल्यांकन और मॉनिटरिंग भी ऑनलाइन माध्यम से की जाएगी, जिससे किसी भी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश नहीं रहेगी।
तकनीकी कौशलों पर रहेगा विशेष फोकस
सरकार द्वारा इस पोर्टल के माध्यम से प्लम्बर, कारपेंटर, इलेक्ट्रीशियन सहित अन्य मांग आधारित तकनीकी कौशलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे कौशलों की बाजार में लगातार मांग है और इससे श्रमिकों को स्थायी रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।
डुप्लीकेसी पर लगेगी रोक, बढ़ेगी गुणवत्ता
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि टीएमएस पोर्टल से प्रशिक्षण व्यवस्था में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी। साथ ही डुप्लीकेसी और फर्जीवाड़े पर प्रभावी रोक लगेगी, जिससे वास्तविक लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचेगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आय बढ़ाने के लिए कौशल विकास को प्राथमिकता दे रही है और यह पोर्टल उस दिशा में एक बड़ा कदम है।

