देहरादून में सरेआम गोलीबारी के बाद कांग्रेस का सरकार पर हमला, कानून व्यवस्था पर उठे सवाल
राज्य

देहरादून में सरेआम गोलीबारी के बाद कांग्रेस का सरकार पर हमला, कानून व्यवस्था पर उठे सवाल

देहरादून में तिब्बती मार्केट स्थित प्रेस क्लब से चंद कदमों की दूरी पर दिनदहाड़े हुई गोलीबारी और एक युवक की हत्या के बाद प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर सियासत तेज हो गई है। एआईसीसी सदस्य एवं उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है।

पत्रकारों से बातचीत में सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि उत्तराखंड में कानून व्यवस्था पूरी तरह से रसातल में चली गई है और अपराधियों के मन से पुलिस का खौफ समाप्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि परेड ग्राउंड से टेनिस खेलकर घर लौट रहे अर्जुन शर्मा नामक युवक पर बेखौफ बदमाशों ने गोलीबारी की और फरार हो गए।

धस्माना ने पिछले सप्ताह पलटन बाजार में गुंजन नाम की युवती की निर्मम हत्या का भी जिक्र किया, जहां एक आरोपी ने बीच बाजार में चापड़ से वार कर हत्या कर दी और बाद में आत्मसमर्पण कर दिया। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश समेत अन्य स्थानों पर युवतियों की हत्या और हरिद्वार में रविदास जयंती के दौरान भंडारे में हुई गोलीबारी जैसी घटनाएं प्रदेश की गिरती कानून व्यवस्था को दर्शाती हैं।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार नफरत फैलाने वाले तत्वों पर कार्रवाई करने के बजाय अन्य मामलों में व्यस्त है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी 16 फरवरी को राजभवन कूच करेगी, जिसमें ध्वस्त कानून व्यवस्था और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध प्रमुख मुद्दे होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *