देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैंची धाम बाईपास परियोजना के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कैंची धाम बाईपास को जून 2026 तक हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को यातायात जाम से राहत मिल सके। प्रशासन द्वारा बताया गया कि मेले से पहले वैली ब्रिज स्थापित कर बाईपास को आंशिक रूप से चालू किया जाएगा।
करीब 18.2 किलोमीटर लंबा यह बाईपास मुख्य मार्ग पर पड़ने वाले भारी ट्रैफिक दबाव को कम करेगा। बाईपास के चालू होने से कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, विशेषकर मेले और पर्यटन सीजन के दौरान। परियोजना के अंतर्गत शिप्रा नदी पर बनने वाला पुल अक्टूबर 2026 तक तैयार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि बाईपास को ग्रीन रोड के रूप में विकसित किया जाए, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सुरक्षित और सुगम यातायात सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा करने और समयबद्ध रूप से सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
