देहरादून की तिब्बती मार्केट में हुए चर्चित हत्याकांड में दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुख्य शूटर और उसके एक साथी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल और लालतप्पर इलाके में चेकिंग अभियान के दौरान संदिग्धों ने पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी और वे घायल हो गए।
घायल आरोपियों को तुरंत कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने तिब्बती मार्केट में हुई हत्या को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब इस हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी देहरादून अस्पताल पहुंचे और घायल पुलिसकर्मियों व आरोपियों की स्थिति की जानकारी ली। एसएसपी ने पुलिस टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

