देहरादून: तिब्बती मार्केट में अर्जुन शर्मा हत्याकांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में दो शूटर घायल; माँ सहित 5 गिरफ्तार
राज्य

देहरादून: तिब्बती मार्केट में अर्जुन शर्मा हत्याकांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में दो शूटर घायल; माँ सहित 5 गिरफ्तार

देहरादून के तिब्बती मार्केट में 11 फरवरी 2026 को हुई सनसनीखेज हत्या का खुलासा करते हुए Dehradun Police ने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया है।

मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा निवासी इंदिरा नगर, थाना बसंत विहार के रूप में हुई, जो जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी थे। घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अलग-अलग टीमों का गठन कर जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया।

 मुठभेड़ में घायल हुए मुख्य आरोपी

चेकिंग के दौरान रायपुर और डोईवाला क्षेत्र में पुलिस को देखकर भाग रहे दो संदिग्धों ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी।

घायल अभियुक्तों की पहचान—

  • पंकज राणा

  • राजीव उर्फ राजू

दोनों सगे भाई हैं और चक्खुवाला क्षेत्र में रहते हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 2 तमंचे (.315 बोर), जिंदा व खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की।

 12 लाख में तय हुआ था सौदा

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतक का अपनी मां बीना शर्मा और उनके सहयोगियों के साथ संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। जीएमएस रोड स्थित संपत्ति की 14 करोड़ रुपये की डील में कानूनी विवाद के चलते तनाव बढ़ गया था।

आरोप है कि मृतक की मां बीना शर्मा, विनोद उनियाल और डॉ. अजय खन्ना ने मिलकर अर्जुन शर्मा को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और 12 लाख रुपये में दोनों शूटरों से सौदा तय किया। तीन लाख रुपये एडवांस दिए गए थे।

5 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने साजिश में शामिल—

  • बीना शर्मा

  • विनोद उनियाल

  • डॉ. अजय खन्ना

को भी गिरफ्तार कर लिया है।

मामले में धारा 103(1) बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों मुख्य आरोपियों को न्यायालय से रिमांड पर लिया गया है।

दून पुलिस का कहना है कि मामले की गहन विवेचना जारी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *