उत्तर प्रदेश व उत्तराखण्ड में नकली पनीर–दही सप्लाई करने वाले गिरोह का दून पुलिस ने किया पर्दाफाश
राज्य

उत्तर प्रदेश व उत्तराखण्ड में नकली पनीर–दही सप्लाई करने वाले गिरोह का दून पुलिस ने किया पर्दाफाश

देहरादून।
उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड में नकली पनीर व दही की सप्लाई करने वाले एक संगठित गिरोह का दून पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के 02 शातिर सदस्यों को 02 लग्जरी कारों सहित गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 250 किलोग्राम नकली पनीर और 50 किलोग्राम नकली दही बरामद किया है। दोनों वाहनों को सीज कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार पुलिस टीम द्वारा सेलाकुई बाजार में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान माया देवी यूनिवर्सिटी के पास धूलकोट तिराहे पर संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में नकली डेयरी उत्पाद पाए गए।

शादी समारोह में किया जाना था नकली पनीर–दही का इस्तेमाल

पूछताछ में सामने आया कि यह नकली पनीर और दही शादी समारोहों में सप्लाई किए जाने वाले थे, जिससे आम जनता के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ किया जा रहा था।

मौके पर नष्ट किया गया नकली सामान

पुलिस ने तुरंत खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम को मौके पर बुलाया, जहां आवश्यक सैंपलिंग की प्रक्रिया पूरी करने के बाद नकली पनीर और दही को नष्ट कर दिया गया

पछवादून में लंबे समय से मिल रही थीं शिकायतें

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पछवादून क्षेत्र में लंबे समय से नकली पनीर सप्लाई की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के चलते सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इस कार्रवाई को मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

आगे भी जारी रहेगी सख्ती

दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस तरह के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *