हल्द्वानी | 12 फरवरी 2026
बड़ी मंडी क्षेत्र में युवक-युवती की निर्मम हत्या से दहले शहर में पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर सनसनीखेज डबल मर्डर का खुलासा कर दिया। डॉ. मंजुनाथ टी.सी., एसएसपी नैनीताल ने प्रेसवार्ता में बताया कि कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने जघन्य हत्याकांड में संलिप्त चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
12 फरवरी की सुबह पुलिस कंट्रोल रूम को बड़ी मंडी क्षेत्र में युवक-युवती के शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पुलिस, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम पहुंची। प्रारंभिक जांच में पत्थर से कुचलकर हत्या की पुष्टि हुई।
मृतकों की पहचान
-
शुभम टम्टा, निवासी तल्ला खोल्टा, अल्मोड़ा
-
लक्ष्मी पोखरिया, निवासी मल्ली पोखरी, ओखलकांडा (नैनीताल)
मृतका के परिजनों की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 52/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच टीम का पर्यवेक्षण एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल तथा सीओ अमित कुमार सैनी के नेतृत्व में किया गया।

पूछताछ में सनसनीखेज खुलासा
आरोपियों ने कबूल किया कि सभी साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान लक्ष्मी के साथ छेड़छाड़ की गई। विरोध करने पर विवाद बढ़ा और शुभम की हत्या कर दी गई। पहचान छिपाने के लिए लक्ष्मी को भी मारकर दोनों के सिर पत्थरों से कुचल दिए गए।
गिरफ्तार आरोपी
-
गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर (25) – वसुंधरा कॉलोनी, हल्द्वानी
-
सौरभ भट्ट उर्फ भटिया (20) – तीनपानी, हल्द्वानी
-
दीपू शर्मा उर्फ ध्रुव (20) – वसुंधरा कॉलोनी, हल्द्वानी
-
दीपेश लटवाल उर्फ राज (25) – बड़ी मुखानी, हल्द्वानी
हत्या में प्रयुक्त पत्थर, मोबाइल फोन और खून से सने कपड़े बरामद किए गए हैं।

आपराधिक इतिहास
मुख्य आरोपी गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर पर हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित 11 मुकदमे दर्ज हैं। दीपेश लटवाल पर एनडीपीएस एक्ट समेत तीन मामले दर्ज हैं।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को ₹2500 नगद पुरस्कार देने की घोषणा की और कहा कि जघन्य अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

