धमकियों के बीच दीपक कुमार का नया बयान, बोले– पुलिस कर रही सहयोग, सुरक्षा का दिया आश्वासन
Latest

धमकियों के बीच दीपक कुमार का नया बयान, बोले– पुलिस कर रही सहयोग, सुरक्षा का दिया आश्वासन

देहरादून।
उत्तराखंड के कोटद्वार में एक मुस्लिम दुकानदार के साथ कथित बदसलूकी के मामले ने राजनीतिक रूप से तूल पकड़ लिया है। दुकान के नाम को लेकर शुरू हुए विवाद में हस्तक्षेप करने वाले युवक दीपक कुमार को कथित रूप से जान से मारने की धमकियां मिलने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। इस बीच दीपक कुमार का एक नया बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि पुलिस उनका पूरा सहयोग कर रही है और सुरक्षा का आश्वासन भी दिया गया है

इस पूरे मामले पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पहले ही दीपक कुमार का खुलकर समर्थन कर चुके हैं और उन्हें “भारत का हीरो” बताया था।

दीपक कुमार ने नए वीडियो में क्या कहा

दीपक कुमार ने जारी एक वीडियो बयान में कहा कि पुलिस ने उनके साथ हुई घटना की निंदा की है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशासन लगातार संपर्क में है और उन्हें सुरक्षा का आश्वासन दिया गया है।
दीपक ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों से बचने की अपील भी की।

Muslim Shopkeeper Harassment: क्या है पूरा मामला

मामला उत्तराखंड के कोटद्वार का है, जहां एक मुस्लिम पिता-पुत्र पिछले लगभग 30 वर्षों से ‘बाबा स्कूल ड्रेस’ नाम से दुकान चला रहे हैं। दुकान का नाम हिंदू प्रतीक से जुड़ा होने को लेकर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई और नाम बदलने का दबाव बनाया। आरोप है कि इस दौरान दुकानदार के साथ बदसलूकी भी की गई।

विवाद बढ़ने पर स्थानीय हिंदू समुदाय के दो युवक, दीपक कुमार और विजय, दुकानदार के समर्थन में सामने आए और कथित तौर पर दबाव बनाने आए लोगों का विरोध किया। इसके बाद से ही दीपक कुमार को लगातार धमकियां मिलने लगीं।

राहुल गांधी का समर्थन, ‘भारत का हीरो’ बताया

दीपक को मिल रही धमकियों की खबर सामने आने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी उनके समर्थन में खुलकर सामने आए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर किए गए पोस्ट में राहुल गांधी ने लिखा,
“हम तुम्हारे साथ हैं भाई। डरो मत। हमें और दीपकों की ज़रूरत है।”

राहुल गांधी ने दीपक कुमार को ‘भारत का हीरो’ बताते हुए कहा कि वह संविधान और इंसानियत के लिए खड़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी और संघ परिवार देश में डर और नफरत का माहौल पैदा कर रहे हैं।

भाजपा और संघ पर तीखा हमला

राहुल गांधी ने अपने बयान में कहा कि संघ परिवार देश में आर्थिक और सामाजिक ज़हर घोल रहा है ताकि समाज को बांटकर डर के सहारे शासन किया जा सके। उन्होंने उत्तराखंड की भाजपा सरकार पर भी आरोप लगाया कि वह उन असामाजिक तत्वों का संरक्षण कर रही है, जो आम नागरिकों को डराने का काम कर रहे हैं।

अपने संदेश के अंत में राहुल गांधी ने लिखा,
“नफ़रत, डर और अराजकता के माहौल में कोई भी देश आगे नहीं बढ़ सकता। शांति के बिना विकास सिर्फ़ एक जुमला है।”
उन्होंने दीपक कुमार को संबोधित करते हुए कहा, “तुम बब्बर शेर हो।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *