लोकप्रसिद्ध भैरव मंदिर देवस्थान मुस्याखांद से संबद्ध श्री मुस्याखांद ग्वेल भैरव मंदिर सेवा ट्रस्ट की एक महत्वपूर्ण आम बैठक दिनांक 11 जनवरी 2026 को राजीव नगर, नई दिल्ली में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में ट्रस्ट की कार्यकारिणी समिति एवं उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से महावीर सिंह (ग्राम सौपखाल मल्ला) को ट्रस्ट का अध्यक्ष निर्वाचित किया। सभी सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभवी, सेवाभावी एवं दूरदर्शी नेतृत्व में ट्रस्ट अपने सामाजिक और धार्मिक दायित्वों को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाएगा।

इस अवसर पर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष के रूप में विनोद कुमार (ग्राम ढीमकी) तथा सह-उपाध्यक्ष के रूप में मान सिंह (ग्राम सुरकांडे) को जिम्मेदारी सौंपी गई। इस
मौके ट्रस्ट सदस्य सोहन सिंह (ग्राम ताल चिलाऊ), भारत सिंह (ग्राम सौपखाल मल्ला), तुलाराम घूरकुंडी (ग्राम दुगधार), जितेंद्र सिंह (ग्राम कुमाल्डी), शीशपाल सिंह (ग्राम चैबडा), शम्भू प्रसाद (ग्राम झूडूगू), उमेद सिंह (ग्राम अन्दरौली–मालधन), राम सिंह (ग्राम बाडेथा), धीरेंज सोंधी (ग्राम ताल चिलाऊ), बुद्धि राम घूरकुंडी (कालोआदली), दिनेश चंद घूरकुंडी, धनपाल सिंह (सौपखाल) को शामिल रहे।
उल्लेखनीय है कि महावीर सिंह वर्ष 2015 से ट्रस्ट की गतिविधियों में सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। उनके मार्गदर्शन में मंदिर का व्यापक सौंदर्यीकरण हुआ है तथा व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित और सुदृढ़ बनाया गया है। वे निरंतर अपने तन, मन और धन से सेवा कार्यों में योगदान देते हुए सामूहिक सहमति और टीम भावना के साथ कार्य करने के लिए जाने जाते हैं। समाजसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान से क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन आया है और जनकल्याण की भावना को नई दिशा मिली है।
ट्रस्ट के सदस्यों ने कहा कि महावीर सिंह का निस्वार्थ सेवा भाव, ईमानदारी और अथक परिश्रम समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके प्रयासों से न केवल श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को लाभ मिला है, बल्कि पूरे समाज में आशा, विश्वास और सहयोग की भावना भी मजबूत हुई है।

बैठक के समापन पर सभी सदस्यों ने भगवान भैरवनाथ से प्रार्थना की कि वे नवनिर्वाचित अध्यक्ष को उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और शक्ति प्रदान करें, ताकि वे इसी प्रकार निष्ठा और समर्पण के साथ ट्रस्ट को नई ऊँचाइयों तक ले जा सकें। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने एक स्वर में नई कार्यकारिणी को समर्थन देते हुए ट्रस्ट के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
यह जानकारी अमर संदेश को श्री मुस्याखांद ग्वेल भैरव मंदिर सेवा ट्रस्ट के सदस्य सोहन सिंह द्वारा दी गई। ट्रस्ट का कार्यालय लोकप्रसिद्ध भैरव मंदिर देवस्थान मुस्याखांद, डाकघर भौन (मुस्याखांद), पट्टी इड़ियाकोट तल्ला, विकासखण्ड नैनीडांडा, तहसील धुमाकोट, जिला पौड़ी गढ़वाल, उत्तराखण्ड में स्थित है।

