गिर सोमनाथ (गुजरात) | संवाददाता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अपने तीन दिवसीय गुजरात दौरे के तहत गिर सोमनाथ पहुंचे। यहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और ‘ॐकार मंत्र’ के जाप में भाग लिया।
प्रधानमंत्री ने प्राचीन तीर्थस्थल पर आयोजित ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ समारोह के तहत धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता की। इस अवसर पर मंदिर परिसर और अरब सागर के तट पर आयोजित भव्य ड्रोन शो और आतिशबाजी कार्यक्रम आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे।
3000 ड्रोन से आसमान में उभरी आस्था और स्वाभिमान की झलक
सोमनाथ मंदिर प्रांगण में आयोजित ड्रोन शो में लगभग 3000 ड्रोन की सहायता से आसमान में भगवान शिव, शिवलिंग, सोमनाथ मंदिर का भव्य 3डी दृश्य, वीर हमीरजी, अहिल्याबाई होल्कर, सरदार वल्लभभाई पटेल, स्वाभिमान पर्व का लोगो और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की डॉट वाली आकृतियां उकेरी गईं। ड्रोन लाइट्स के माध्यम से भारतीय संस्कृति, गौरव और स्वाभिमान की भावनाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
करीब 15 मिनट तक चले इस ड्रोन शो को 40 प्रशिक्षित ऑपरेटरों ने मैनेज किया। शो के तुरंत बाद समुद्र तट पर भव्य आतिशबाजी का आयोजन हुआ, जिसने पूरे आकाश को रंगीन रोशनी से भर दिया।
ड्रोन शो के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल मंदिर परिसर में मौजूद रहे और उन्होंने इस अद्भुत आयोजन की सराहना की। कार्यक्रम में मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने भी इस दृश्य को गर्व और उत्साह के साथ देखा।
हजार वर्ष पूर्व हुए आक्रमण की स्मृति में आयोजन
प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 1026 ईस्वी में सोमनाथ मंदिर पर आक्रमण हुआ था और इस वर्ष उस घटना के एक हजार वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ उन असंख्य भारतीयों को स्मरण करने का अवसर है, जिन्होंने मंदिर और सांस्कृतिक धरोहर की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर किए।
सोमनाथ ट्रस्ट की बैठक की अध्यक्षता
हेलीपैड से प्रधानमंत्री मोदी अपने काफिले के साथ वीवीआईपी सर्किट हाउस पहुंचे, जहां मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उनका स्वागत करने के लिए मौजूद थे। सर्किट हाउस में प्रधानमंत्री ने सोमनाथ मंदिर ट्रस्ट की बैठक की अध्यक्षता की।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि बैठक में मंदिर परिसर के बुनियादी ढांचे को और बेहतर बनाने तथा सोमनाथ की तीर्थयात्रा को अधिक स्मरणीय बनाने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर समीक्षा की गई।
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के सुअवसर पर सोमनाथ मंदिर परिसर में भव्यता और दिव्यता से भरा ड्रोन शो देखने का सौभाग्य मिला। इस अद्भुत शो में हमारी प्राचीन आस्था के साथ आधुनिक टेक्नोलॉजी का तालमेल हर किसी को मंत्रमुग्ध कर गया। सोमनाथ की पावन धरा से निकला यह प्रकाशपुंज पूरे विश्व को भारत की… pic.twitter.com/hwKgJsp33T
— Narendra Modi (@narendramodi) January 10, 2026
