उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने इस वर्ष भी अपना जन्मदिन सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकारों को समर्पित करते हुए अत्यंत सादगी एवं गरिमामय वातावरण में मनाया। उन्होंने जन्मदिवस को किसी उत्सव के रूप में मनाने के बजाय जनकल्याण, मानव सेवा और गौ सेवा का माध्यम बनाया, जो समाज के लिए एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत करता है।

जन्मदिन की पूर्व संध्या पर उदयरामपुर स्थित जय दुर्गा सामाजिक कल्याण संस्थान द्वारा संचालित “दीदी की पाठशाला” के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ऋतु खण्डूडी भूषण ने वहां अध्ययनरत बच्चों से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बच्चों को ट्रैक सूट वितरित किए और उनके लिए बाल पुस्तकालय की व्यवस्था भी की।
कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने बच्चों को शिक्षा के महत्व पर प्रेरणादायी संदेश देते हुए कहा कि अनुशासन, परिश्रम और अच्छे संस्कारों के बल पर ही जीवन में सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने संस्था द्वारा समाज के वंचित वर्गों के लिए किए जा रहे शैक्षिक और सामाजिक प्रयासों की सराहना भी की।
जन्मदिन के दिन प्रातः ऋतु खण्डूडी भूषण ने कोटद्वार स्थित प्रसिद्ध श्री सिद्धबली बाबा मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की उन्नति, क्षेत्र की खुशहाली और जनता के कल्याण की कामना की। उनका यह सेवा भाव और सादगीपूर्ण व्यक्तित्व क्षेत्रवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहा।

