रूद्रपुर में पार्षद पर हमला: महापौर ने अस्पताल पहुँचकर जाना हाल, सीएम धामी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
अपराध

रूद्रपुर में पार्षद पर हमला: महापौर ने अस्पताल पहुँचकर जाना हाल, सीएम धामी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

रूद्रपुर। वार्ड 39 के पार्षद एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ के पुत्र सौरभ बेहड़ पर हुए हमले को लेकर नगर निगम रूद्रपुर के महापौर विकास शर्मा ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। घटना की सूचना मिलते ही महापौर तत्काल अस्पताल पहुँचे और घायल पार्षद का हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से सौरभ बेहड़ के उपचार को लेकर विस्तृत जानकारी ली।

अस्पताल में मौजूद पूर्व मंत्री एवं विधायक तिलकराज बेहड़ से पूरी घटना की जानकारी लेने के बाद महापौर विकास शर्मा ने मौके से ही प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से दूरभाष पर वार्ता की। महापौर ने मुख्यमंत्री को घटना की गंभीरता और शहर की कानून व्यवस्था की स्थिति से अवगत कराया। इस दौरान मुख्यमंत्री की बात विधायक तिलकराज बेहड़ से भी कराई गई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस कायराना हमले पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि सौरभ बेहड़ नगर निगम बोर्ड के सम्मानित सदस्य हैं और किसी जनप्रतिनिधि पर इस प्रकार का सुनियोजित व नकाबपोश हमला लोकतंत्र और कानून व्यवस्था पर सीधा हमला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

अस्पताल में मौजूद सीओ प्रशांत कुमार को महापौर ने निर्देश दिए कि पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर हमलावरों की पहचान की जाए और उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वयं इस पूरे प्रकरण की निगरानी कर रहे हैं।

महापौर ने कहा कि वह इस दुःख की घड़ी में बेहड़ परिवार के साथ खड़े हैं और सौरभ बेहड़ के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। उन्होंने शहरवासियों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि दोषी कानून के शिकंजे से बच नहीं पाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *