देहरादून से हरिद्वार पहुंची अभिनेत्री उर्मिला सनावर, एसआईटी ने 6 घंटे की गहन पूछताछ की
राज्य

देहरादून से हरिद्वार पहुंची अभिनेत्री उर्मिला सनावर, एसआईटी ने 6 घंटे की गहन पूछताछ की

अभिनेत्री उर्मिला सनावर को शुक्रवार को देहरादून से पुलिस टीम हरिद्वार लेकर पहुंची, जहां गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने उनसे करीब छह घंटे तक गहन पूछताछ की। लंबी पूछताछ के बाद उर्मिला सनावर मीडिया के सामने आईं और जांच को लेकर अपनी बात रखी।

उर्मिला सनावर ने कहा कि एसआईटी द्वारा पूछे गए सभी सवालों के जवाब उन्होंने पूरी स्पष्टता और ईमानदारी के साथ दिए हैं। उन्होंने बताया कि उनके पास मौजूद हर जानकारी जांच टीम के साथ साझा कर दी गई है। ऑडियो रिकॉर्डिंग से जुड़े मामले पर उर्मिला ने स्पष्ट किया कि संबंधित ऑडियो और उससे जुड़ी सभी जानकारियां भी एसआईटी को सौंप दी गई हैं।

अन्य सबूतों को लेकर पूछे गए सवाल पर उर्मिला सनावर ने कहा कि पूर्व विधायक सुरेश राठौर और भाजपा नेता दुष्यंत गौतम आपस में बेहद करीबी दोस्त हैं और कई अहम जानकारियां उन्हीं के पास हो सकती हैं।

अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर उर्मिला सनावर ने कहा कि वह स्वयं पीड़िता के परिवार से मिलने जाएंगी और इस लड़ाई में वह न सिर्फ पूरे देश के साथ बल्कि पूरी मजबूती से पीड़ित परिवार के साथ खड़ी हैं। उन्होंने कहा कि न्याय की इस लड़ाई में किसी भी सच्चाई को छुपने नहीं दिया जाना चाहिए।

वहीं स्वामी दर्शन भारती को लेकर उर्मिला ने साफ किया कि वह देहरादून तक उनके साथ जरूर आई थीं, लेकिन स्वामी ने जांच के दौरान क्या बयान दिया है, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।

फिलहाल पुलिस और एसआईटी की जांच लगातार जारी है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *