देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में सूचना विभाग, उत्तराखण्ड सरकार द्वारा प्रकाशित नववर्ष 2026 के आधिकारिक कैलेंडर का विधिवत विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कैलेंडर के आकर्षक स्वरूप, उत्कृष्ट मुद्रण गुणवत्ता और विषयवस्तु की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कैलेंडर केवल तिथियों का संकलन नहीं है, बल्कि यह उत्तराखण्ड की विकास यात्रा, प्रशासनिक प्रतिबद्धता और जनसेवा के संकल्प को दर्शाने वाला महत्वपूर्ण दस्तावेज है। कैलेंडर के माध्यम से राज्य सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी नीतियों को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुँचाया जा सकेगा।
उन्होंने सूचना विभाग की टीम को इस उत्कृष्ट प्रकाशन के लिए बधाई देते हुए कहा कि विभाग हमेशा सरकार और जनता के बीच सेतु की भूमिका निभाता रहा है। मुख्यमंत्री ने अपेक्षा व्यक्त की कि भविष्य में भी सूचना विभाग नवीन तकनीकों, रचनात्मक सोच और नवाचार के माध्यम से जनहितकारी सूचनाओं का व्यापक और प्रभावी प्रसार करता रहेगा।
इस अवसर पर उत्तराखण्ड मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष गोविन्द सिंह, अपर सचिव सूचना बंशीधर तिवारी, और उपनिदेशक सूचना मनोज श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे।
