देहरादून।
उत्तराखंड में लगातार बढ़ती हत्या, लूट, डकैती, चोरी और महिलाओं के खिलाफ अपराधों की घटनाओं ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह आरोप एआईसीसी सदस्य एवं उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने देहरादून स्थित अपने कैंप कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान लगाए।
सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि राजधानी देहरादून के व्यस्ततम पलटन बाजार में सरेआम युवती की हत्या, हरिद्वार में रविदास जयंती के कार्यक्रम के दौरान गोलीबारी में दो लोगों की हत्या, ऋषिकेश में युवती की हत्या और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में चोरी, लूटपाट व डकैती की घटनाएं इस बात का प्रमाण हैं कि उत्तराखंड में कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है।
अपराधियों में पुलिस का खौफ खत्म
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के मन से पुलिस का डर पूरी तरह समाप्त हो गया है। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि अपराधी भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। पलटन बाजार जैसी जगह पर धारदार हथियार से युवती की हत्या होना पुलिसिंग पर बड़ा सवाल है।
शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि पलटन बाजार में मारी गई युवती ने 31 जनवरी को कोतवाली पुलिस को अपनी जान को खतरा होने की शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने उस शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया। नतीजतन कुछ ही दिनों बाद उसकी हत्या कर दी गई।
महिलाओं के खिलाफ अपराध में उत्तराखंड शीर्ष पर
उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा के मामलों में उत्तराखंड पहले ही पर्वतीय राज्यों में शीर्ष स्थान पर है और अब हत्या, लूट व डकैती के मामलों में भी प्रदेश उत्तर प्रदेश को कड़ी टक्कर दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस केवल कुछ मामलों में गिरफ्तारी कर अपनी पीठ थपथपाने में लगी है, जबकि जमीनी स्तर पर अपराध नियंत्रण पूरी तरह विफल है।
16 फरवरी के राजभवन कूच में उठेगा मुद्दा
सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि 16 फरवरी को देहरादून में कांग्रेस द्वारा आयोजित राजभवन कूच में प्रदेश की ध्वस्त कानून व्यवस्था मुख्य मुद्दा रहेगी और कांग्रेस इस विषय पर सरकार को घेरने का काम करेगी।
