देहरादून:
उत्तराखंड में हाल ही में हुई ताजा बर्फबारी ने पर्यटन कारोबार को संजीवनी दे दी है। वीकेंड और गणतंत्र दिवस की छुट्टियों के चलते प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थल सैलानियों से पूरी तरह गुलजार नजर आए। औली, मसूरी, उत्तरकाशी, नैनीताल और चोपता जैसे इलाकों में हजारों की संख्या में पर्यटक पहुंचे और बर्फबारी का जमकर आनंद लिया।
औली में स्कीइंग और बर्फ से ढकी पहाड़ियों ने देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित किया, वहीं मसूरी में मॉल रोड, कंपनी गार्डन और धनोल्टी क्षेत्र में भारी भीड़ देखने को मिली। उत्तरकाशी जनपद के हर्षिल, मुखबा और गंगोत्री हाईवे क्षेत्र में भी पर्यटकों की आवाजाही तेज रही।
लगातार तीन दिनों तक होटल, होमस्टे और गेस्ट हाउस लगभग फुल रहे। स्थानीय बाजारों, टैक्सी चालकों, ढाबों और छोटे व्यापारियों को भी इस बर्फबारी का सीधा लाभ मिला है। लंबे समय से मंदी झेल रहे पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों के चेहरों पर रौनक लौट आई है।
पर्यटन व्यवसायियों का कहना है कि अगर आने वाले दिनों में इसी तरह बर्फबारी होती रही तो इस सीजन में पर्यटन कारोबार पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर रहने की पूरी संभावना है। इससे स्थानीय लोगों के रोजगार और आय के साधनों को भी मजबूती मिलेगी।
