उत्तराखंड | वेब डेस्क
सोशल मीडिया पर अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़ी कथित ऑडियो वायरल होने के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। ऑडियो प्रकरण को लेकर पुलिस ने पहले पूर्व विधायक सुरेश राठौर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके घर नोटिस चस्पा किया था। अब इसी मामले में उनकी कथित पत्नी और अभिनेत्री उर्मिला सनावर के घर पर भी पुलिस ने नोटिस चस्पा कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, उर्मिला सनावर को जल्द ही थाने में पेश होने के निर्देश दिए गए हैं। नोटिस के बावजूद यदि वह उपस्थित नहीं होती हैं तो आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। नोटिस चस्पा होने के बाद से ही उर्मिला सनावर और पूर्व विधायक सुरेश राठौर दोनों के भूमिगत होने की चर्चा तेज हो गई है।
गौरतलब है कि हाल ही में उर्मिला सनावर ने एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था, जिसमें उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम का नाम लिया था। इसके बाद यह मामला और अधिक गरमा गया।
इस प्रकरण में बहादराबाद थाना में संत शिरोमणि गुरु रविदास विश्व महापीठ के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार की ओर से सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दुष्यंत गौतम पर झूठे आरोप लगाकर उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
बताया जा रहा है कि बीते शनिवार को पुलिस ने सुरेश राठौर के घर पर नोटिस चस्पा किया था, लेकिन इसके बावजूद वे थाने नहीं पहुंचे। उनकी पत्नी रविंद्र कौर ने पुलिस को बताया कि उनके पति फिलहाल घर से बाहर गए हुए हैं।
वहीं बुधवार को पुलिस अभिनेत्री उर्मिला सनावर के सहारनपुर स्थित आवास पर पहुंची, जहां वह मौजूद नहीं मिलीं। इसके बाद पुलिस ने उनके घर के बाहर नोटिस चस्पा कर दिया। पुलिस का कहना है कि यदि निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो आगे सख्त कदम उठाए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले सोशल मीडिया पर उर्मिला सनावर का एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसके बाद से उनका कोई स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। इसे लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं की जा रही हैं।
