पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त हस्तांतरण कार्यक्रम हरिद्वार में होगा आयोजित, कृषि मंत्री गणेश जोशी ने तैयारियों की समीक्षा की
Latest राज्य

पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त हस्तांतरण कार्यक्रम हरिद्वार में होगा आयोजित, कृषि मंत्री गणेश जोशी ने तैयारियों की समीक्षा की

प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को अपने कैंप कार्यालय में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त के हस्तांतरण कार्यक्रम एवं केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रस्तावित उत्तराखण्ड दौरे की तैयारियों की समीक्षा की।

बैठक में कृषि मंत्री ने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त के हस्तांतरण अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम जनपद हरिद्वार में आयोजित किया जाए। साथ ही प्रदेश के सभी विकासखंडों में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर अधिक से अधिक किसानों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कृषि एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को कार्यक्रमों के सफल संचालन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने और सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कृषि मंत्री ने आगामी 26 जून को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के पंतनगर एवं रुद्रपुर में प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों के दौरान किसानों के हित में संचालित योजनाओं, नवाचारों एवं कृषि क्षेत्र की उपलब्धियों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाए।

बैठक में जानकारी दी गई कि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा फसल बीमा योजना के अंतर्गत किसानों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न जनपदों में स्थापित किए जाने वाले वेदर स्टेशनों का शुभारंभ भी प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए केंद्र सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु स्वीकृत 25 करोड़ रुपये की धनराशि से क्लस्टर आधारित कार्यों का शुभारंभ भी किया जाएगा।

बैठक में सचिव कृषि सुरेन्द्र नारायण पाण्डे, अपर सचिव कृषि आनन्द श्रीवास्तव, कृषि निदेशक दिनेश कुमार, निदेशक हॉर्टिकल्चर मिशन महेन्द्र पाल तथा संयुक्त कृषि निदेशक अभय सक्सैना सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *