प्लास्टिक मुक्त उत्तराखंड की ओर बड़ा कदम, देहरादून में ऑटोमेटिक बॉटल क्रैशर मशीन शुरू
राज्य

प्लास्टिक मुक्त उत्तराखंड की ओर बड़ा कदम, देहरादून में ऑटोमेटिक बॉटल क्रैशर मशीन शुरू

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्लास्टिक मुक्त उत्तराखंड के संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में देहरादून नगर निगम ने एक अहम पहल की है। नगर निगम द्वारा शहर में ऑटोमेटिक प्लास्टिक बॉटल क्रैशर मशीन की शुरुआत की गई है, जिसे ट्रायल बेस पर शहर के 50 प्रमुख स्थानों पर स्थापित किया जाएगा।

नगर निगम के अनुसार, इन मशीनों को प्रमुख पर्यटक स्थलों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, शैक्षणिक संस्थानों, पार्कों, सरकारी भवनों और शहर के मुख्य चौक-चौराहों पर लगाया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य शहर में बढ़ते प्लास्टिक प्रदूषण पर नियंत्रण करना और प्लास्टिक कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण को बढ़ावा देना है।

नगर निगम की इस पहल के तहत प्लास्टिक वेस्ट से उपयोगी सामान जैसे टेबल, कुर्सी, फ्लावर पॉट और घरों की सजावटी शोपीस वस्तुएं तैयार की जाएंगी। इससे न केवल प्लास्टिक का पुनः उपयोग संभव होगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर मेयर सौरभ थपलियाल ने कहा कि सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर रोक और प्लास्टिक मुक्त उत्तराखंड का संकल्प अब ज़मीन पर दिखाई देने लगा है। यह पहल देहरादून को स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल शहर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

नगर आयुक्त नमामि बंसल ने जानकारी दी कि इस ऑटोमेटिक बॉटल क्रैशर मशीन का संचालन मनसा फैसिलिटी एंड प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। कंपनी प्लास्टिक बोतलों को रिसाइकल करेगी, जिससे तैयार रिसाइकल रॉ मैटेरियल को नगर निगम सीधे खरीदेगा। इसी रॉ मैटेरियल से नगर निगम शहर के सार्वजनिक स्थलों और चौक-चौराहों पर उपयोग के लिए वस्तुएं तैयार करेगा।

नगर निगम देहरादून की इस अभिनव पहल से न केवल शहर की स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि आमजन को प्लास्टिक के सही निस्तारण के प्रति जागरूक और प्रेरित भी किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *