विकास कार्यों पर सीडीओ का कड़ा रुख: 80% से कम खर्च करने वाले विभागों को चेतावनी, कटापत्थर–कार्लीगढ़ बनेंगे आदर्श ग्राम
Latest राज्य

विकास कार्यों पर सीडीओ का कड़ा रुख: 80% से कम खर्च करने वाले विभागों को चेतावनी, कटापत्थर–कार्लीगढ़ बनेंगे आदर्श ग्राम

देहरादून में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने विकास भवन सभागार में जिला योजना, राज्य सेक्टर, केंद्र पोषित एवं बाह्य सहायतित योजनाओं सहित बीस सूत्री कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित विकास योजनाओं की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करते हुए अवमुक्त धनराशि का शत-प्रतिशत व्यय सुनिश्चित करें। 80 प्रतिशत से कम व्यय करने वाले विभागों—एलोपैथिक, लघु उद्योग, वन, लोक निर्माण विभाग, भेषज, उरेडा, उद्यान, रेशम, पर्यटन एवं लघु सिंचाई—को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने चेतावनी दी कि केवल धनराशि हस्तांतरित कर औपचारिकता पूरी न की जाए, बल्कि विभाग स्वयं कार्यों का भौतिक सत्यापन कर गुणवत्ता सुनिश्चित करें। जिला योजना के अंतर्गत ₹9948.10 लाख के सापेक्ष 79.81 प्रतिशत, राज्य सेक्टर में 77.61 प्रतिशत तथा केंद्र पोषित योजनाओं में 91.33 प्रतिशत व्यय दर्ज किया गया है। साथ ही विकासखंड विकासनगर के कटापत्थर और रायपुर के कार्लीगढ़ को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने हेतु सभी विभागों को समन्वित कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने कहा कि लक्ष्यों की प्राप्ति में लापरवाही बरतने वाले विभागों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और प्रगति को ‘ए’ श्रेणी में लाने के लिए समयबद्ध प्रयास अनिवार्य होंगे। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला विकास अधिकारी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *