देहरादून | आनंद बर्धन की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय में व्यय वित्त समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की महत्वपूर्ण योजनाओं को वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई।
मुख्य सचिव ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों एवं योजनाओं के क्रियान्वयन की समय सीमा निर्धारित कर गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण कराए जाएं।
चम्पावत में बनेगा “सिटी सेंटर”
जनपद चम्पावत के रोडवेज स्टेशन परिसर में ₹64.94 करोड़ की लागत से आधुनिक मल्टी-स्टोरी पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लैक्स के निर्माण प्रस्ताव को संस्तुति दी गई। मुख्य सचिव ने इसका नाम “सिटी सेंटर चम्पावत” रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्थानीय उत्पादों के विपणन, यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं तथा बसों और टैक्सी पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
टिहरी माल रोड का होगा सौंदर्यीकरण
जनपद टिहरी गढ़वाल में टिहरी मुख्यालय के माल रोड पर फसाड कार्य, रेलिंग, पाथ-वे, स्ट्रीट लाइट एवं शौचालय निर्माण के लिए ₹11.25 करोड़ की संस्तुति प्रदान की गई। इससे स्थानीय नागरिकों एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
शिक्षा और सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति
बैठक में शैक्षिक सत्र 2025-26 में कक्षा 1 से 12 तक के राजकीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों के छात्रों को निःशुल्क नोटबुक उपलब्ध कराने हेतु ₹52.84 करोड़ की स्वीकृति दी गई।
इसके अतिरिक्त—
-
लोहाघाट (चम्पावत) में किमतोली-रौशाल मोटर मार्ग हॉट मिक्स कार्य हेतु ₹12.15 करोड़
-
किच्छा (ऊधम सिंह नगर) में मेडिकल कॉलेज से अटरिया माता मंदिर मोड़ होते हुए एसएच-044 तक सड़क पुनर्निर्माण हेतु ₹23.12 करोड़
-
शिमला पिस्तौर कुरैया मोटर मार्ग सुधार हेतु ₹20.17 करोड़
की संस्तुति प्रदान की गई।
कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों को गति
कुम्भ मेला-2027 के अंतर्गत हरिद्वार में खड़खड़ी शमशान घाट मार्ग पर डबल लेन सेतु निर्माण हेतु ₹13.22 करोड़ तथा मायापुर स्क्रैप चैनल पर 60 मीटर स्पान स्टील गर्डर डबल लेन सेतु निर्माण हेतु ₹12.46 करोड़ की स्वीकृति दी गई।
बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

