देहरादून | 12 फरवरी 2026
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के अंतर्गत लाभार्थियों के खातों में 3 करोड़ 5 लाख रुपये से अधिक की धनराशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से जारी की।
कैंप कार्यालय से डीबीटी जारी करने के बाद मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि प्रदेश सरकार वर्ष 2020 से कोरोना महामारी के दौरान अपने अभिभावकों को खो चुके बेसहारा बच्चों को इस योजना के तहत प्रतिमाह ₹3000 की आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है।

उन्होंने जानकारी दी कि नवंबर 2025 तक की धनराशि पूर्व में जारी की जा चुकी थी। गुरुवार को—
-
दिसंबर माह के लिए 5114 लाभार्थियों को ₹1,53,42,000 जारी किए गए।
-
जनवरी माह के लिए 5078 लाभार्थियों को ₹1,52,34,000 की धनराशि जारी की गई।
इस प्रकार कुल मिलाकर ₹3.05 करोड़ से अधिक की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की गई।
मंत्री ने बताया कि योजना के तहत लाभार्थी के 21 वर्ष की आयु पूर्ण करने, बालिका लाभार्थी के विवाह होने या लाभार्थी के सेवायोजित हो जाने पर योजना का लाभ स्वतः समाप्त हो जाता है।
इस अवसर पर विभागीय अधिकारी सीपीओ अंजना गुप्ता और डिप्टी सीपीओ राजीव नयन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

