पौड़ी। जनपद पौड़ी के गुमखाल क्षेत्र में खाई में गिरे युवक के लिए SDRF उत्तराखंड द्वारा सर्च एवं रिकवरी अभियान चलाया गया। टीम ने कठिन परिस्थितियों में युवक को खाई से बाहर निकाला, लेकिन जांच के दौरान युवक मृत पाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 12 मई 2026 को डीसीआर पौड़ी के माध्यम से SDRF को सूचना मिली कि कोटद्वार रोड पर गुमखाल के समीप एक युवक गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही SDRF टीम अपर उपनिरीक्षक प्रेम प्रकाश के नेतृत्व में आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

घटनास्थल पर पहुंचकर SDRF टीम ने स्थिति का आकलन किया, जहाँ युवक खड़ी ढलान से नीचे गहरी खाई में गिरा हुआ मिला। क्षेत्र अत्यंत संकरा और ढलानयुक्त होने के कारण टीम ने सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाते हुए रिकवरी अभियान शुरू किया।
रोप रेस्क्यू तकनीक की सहायता से SDRF जवान खाई में उतरे और युवक तक पहुंच बनाई। टीम द्वारा युवक को सावधानीपूर्वक मुख्य मार्ग तक लाया गया, लेकिन परीक्षण करने पर युवक मृत पाया गया।
मृतक की पहचान रोशन सिंह बिष्ट पुत्र प्रकाश सिंह बिष्ट निवासी ग्राम डाबर, लैंसडाउन के रूप में हुई। इसके बाद SDRF टीम ने आवश्यक कार्रवाई पूर्ण करते हुए शव को जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
