देहरादून। देहरादून के करनपुर क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच लापरवाही से सूखे पत्तों में लगाई गई आग ने अचानक विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि पास खड़ा पेड़ भी उसकी चपेट में आकर जलने लगा, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार लक्ष्मण भारती विद्यालय के पास स्थित एक मकान के केयरटेकर द्वारा पेड़ के नीचे पड़े सूखे पत्तों में आग लगाई गई थी। तेज गर्मी और सूखे मौसम के कारण आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पेड़ को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही डालनवाला क्षेत्र की चीता पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया था। हालांकि घटना के दौरान आसपास स्थित मकानों में आग फैलने का खतरा बना रहा, जिससे लोगों में दहशत का माहौल रहा।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से गर्मी के मौसम में खुले स्थानों पर आग लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मियों में सूखे पत्तों और कूड़े में आग लगाने से बड़ी दुर्घटनाएं हो सकती हैं।
