राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला 2026-27 के सफल आयोजन को लेकर मंगलवार को विकास भवन सभागार, भीमताल में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले की तैयारियों, सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा, अग्निशमन, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई और सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
एम.बी. इंटर कॉलेज मैदान, हल्द्वानी में 24 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले इस राष्ट्रीय स्तरीय मेले में देशभर के स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी रहेगी। मेले में करीब 250 स्टाल लगाए जाएंगे।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को मेले की सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने मेला स्थल पर कंट्रोल रूम स्थापित करने तथा इसमें विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, पुलिस, फायर और वन विभाग सहित महत्वपूर्ण विभागों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही अतिथियों के लिए आमंत्रण पत्र एवं ई-कार्ड तैयार करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि 30 अक्टूबर से पहले सरस मेले से संबंधित सभी टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाए। मेले में संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को मजबूत रखने के साथ पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में पुलिस और परिवहन विभाग को सुरक्षा एवं पार्किंग की कार्ययोजना तैयार करने, स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा शिविर और एम्बुलेंस की व्यवस्था करने तथा जल संस्थान और विद्युत विभाग को निर्बाध पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
नगर निगम हल्द्वानी को मेला स्थल पर साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन की व्यवस्था दुरुस्त रखने, जबकि पर्यटन एवं संस्कृति विभाग को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने को कहा गया। मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जिला सूचना अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सरस मेला जनपद का एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय आयोजन है। इसकी तैयारियों की नियमित समीक्षा की जाएगी और सभी विभागों को सौंपे गए दायित्व निर्धारित समयसीमा में पूरे करने होंगे, ताकि मेले का आयोजन व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।
