गोपेश्वर (चमोली)। चारधाम यात्रा के दौरान बदरीनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते गुरुवार को बदरीनाथ हाईवे पर मारवाड़ी-विष्णुप्रयाग से ज्योतिर्मठ तक करीब 12 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। देर रात तक हाईवे यात्री वाहनों से पूरी तरह पैक रहा और वाहन रेंग-रेंग कर चलते दिखाई दिए।
जाम के कारण यात्रियों, स्थानीय लोगों और तीर्थयात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बदरीनाथ हाईवे पर गोपेश्वर से मारवाड़ी तक छह से अधिक स्थानों पर सड़क धंसी हुई है, जिससे यातायात व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है।
इसके अलावा ज्योतिर्मठ नगर क्षेत्र में निर्माण कार्यों पर रोक लगने के कारण हाईवे चौड़ीकरण का कार्य भी समय पर पूरा नहीं हो पाया है। करीब 12 किलोमीटर का यह हिस्सा संकरा और क्षतिग्रस्त होने के चलते आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है।
यात्रियों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ रहा है। हालात को देखते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जेसीबी, पोकलैंड, हाइड्रा, मलबा हटाने वाली मशीनें और पर्याप्त मैनपावर हर समय हाईवे के समीप तैनात रखी जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
