ऋषिकेश। ऋषिकेश के भद्रकाली तिराहे से आगे ब्रह्मानंद मोड़ के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। अनियंत्रित ट्रक-डंपर सड़क किनारे लगे कंक्रीट डिवाइडरों को तोड़ते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे मौके पर ही चालक और एक महिला की जान चली गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि ट्रक की जोरदार टक्कर से दो भारी कंक्रीट डिवाइडर उछलकर सड़क किनारे बनी एक झोपड़ी पर जा गिरे। डिवाइडरों की चपेट में आने से झोपड़ी में मौजूद महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसकी बाद में मौत हो गई।

मृतक चालक की पहचान फारुख निवासी बहादरपुर, लक्सर के रूप में हुई है, जबकि मृत महिला की पहचान कौशल्या पत्नी सुरेश निवासी बावाड़ी, शिवपुरी के तौर पर की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही SDRF और स्थानीय पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव अभियान के तहत एसडीआरएफ कर्मियों ने मलबे और कंक्रीट डिवाइडरों के नीचे दबी महिला को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। वहीं ट्रक चालक को भी तत्काल अस्पताल भेजा गया, लेकिन दोनों को बचाया नहीं जा सका।
हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
प्रशासन ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और पर्वतीय मार्गों पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।
