तुंगनाथ-चंद्रशिला में आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा, लखनऊ के युवक की मौत
Latest प्रदेश/लोकल न्यूज़ राज्य

तुंगनाथ-चंद्रशिला में आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा, लखनऊ के युवक की मौत

रुद्रप्रयाग। उत्तराखण्ड के प्रसिद्ध तुंगनाथ-चंद्रशिला ट्रेक मार्ग पर खराब मौसम के बीच आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। घटना में उत्तर प्रदेश के लखनऊ निवासी एक 19 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दो अन्य पर्यटक सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पर्यटकों का एक समूह तुंगनाथ-चंद्रशिला क्षेत्र में भ्रमण पर गया हुआ था। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से 19 वर्षीय अभिनव वाजपेई निवासी लखनऊ की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर SDRF की टीम तत्काल सक्रिय हुई और रात के समय दुर्गम पर्वतीय क्षेत्र में रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। चुनौतीपूर्ण मौसम और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद बचाव दल ने लगभग 8 से 10 किलोमीटर पैदल मार्ग तय कर घटनास्थल तक पहुंच बनाई।

रेस्क्यू टीम ने घायल युवक को सुरक्षित बाहर निकालने के साथ ही मृतक के शव को भी पहाड़ी क्षेत्र से नीचे लाया। इसके बाद शव को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन ने पर्यटकों और ट्रेकर्स से खराब मौसम के दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

गौरतलब है कि मानसून पूर्व और मानसून के दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम तेजी से बदलता है, जिससे आकाशीय बिजली और अन्य प्राकृतिक जोखिमों की संभावना बढ़ जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *