देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उत्तराखंड दौरे के दौरान दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूरी के आवास पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दिवंगत नेता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके योगदान को स्मरण किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भुवन चंद्र खंडूरी का सार्वजनिक जीवन, सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा के प्रदेश प्रभारी तथा पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद किया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि भुवन चंद्र खंडूरी ने उत्तराखंड के विकास और सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए। राज्य के निर्माण और विकास यात्रा में उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिवंगत नेता के आदर्शों पर चलने तथा जनसेवा के प्रति समर्पित रहने का संकल्प भी व्यक्त किया।
