पौड़ी गढ़वाल। कांग्रेस द्वारा आयोजित होने वाले पूर्व सैनिक एवं अर्द्ध सैनिक संवाद कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 4 जून को पौड़ी में आयोजित होने वाले इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए कांग्रेस संगठन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कार्यक्रम के आयोजन और समन्वय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी कांग्रेस विधायक विक्रम सिंह नेगी को सौंपी है। उन्हें कार्यक्रम का संयोजक नियुक्त किया गया है, जिसके तहत वे पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम को सफल बनाने का कार्य करेंगे।
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, 4 जून को आयोजित होने वाले इस संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों और अर्द्ध सैनिक बलों से जुड़े लोगों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम का उद्देश्य सैनिक समुदाय से जुड़े मुद्दों, सुझावों और अपेक्षाओं पर संवाद स्थापित करना है।
इस कार्यक्रम की विशेष बात यह है कि इसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शिरकत करेंगे। राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए कांग्रेस संगठन कार्यक्रम को लेकर विशेष तैयारियों में जुटा हुआ है।
विधायक विक्रम सिंह नेगी को कार्यक्रम की व्यवस्थाओं, संगठनात्मक समन्वय, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों के निर्धारण तथा वरिष्ठ नेताओं के साथ तालमेल बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि उनके अनुभव और संगठनात्मक क्षमता से कार्यक्रम को सफल बनाने में मदद मिलेगी।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से पूर्व सैनिकों और अर्द्ध सैनिक बलों के जवानों की समस्याओं और सुझावों को सुनने के साथ-साथ उनके हितों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी।
राहुल गांधी के प्रस्तावित आगमन और कांग्रेस के इस विशेष संवाद कार्यक्रम को लेकर पौड़ी सहित पूरे गढ़वाल मंडल में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
