उत्तराखंड में तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी
Latest राज्य

उत्तराखंड में तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी

देहरादून। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने उत्तराखंड में आगामी तीन दिनों के लिए बारिश, आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 5 जून से 7 जून तक राज्य के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा तथा कई जिलों में तेज बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग, देहरादून के अनुसार 5 जून को देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और नैनीताल समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

इसके अलावा पौड़ी, पिथौरागढ़, चंपावत और बागेश्वर जिलों में भी तेज बारिश और तेज हवाओं का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने राज्य के अन्य पर्वतीय क्षेत्रों के साथ-साथ हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जनपद के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया है।

संभावित खराब मौसम को देखते हुए राज्य आपदा परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, खुले स्थानों पर न रुकने तथा आकाशीय बिजली के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *