रुद्रप्रयाग में बड़ा हादसा टला, केदारनाथ जा रही XUV-700 खाई में गिरी, पांच लोग सुरक्षित
Latest राज्य

रुद्रप्रयाग में बड़ा हादसा टला, केदारनाथ जा रही XUV-700 खाई में गिरी, पांच लोग सुरक्षित

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर शनिवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जिले के तिलवाड़ा पेट्रोल पंप के पास केदारनाथ धाम की ओर जा रही एक महिंद्रा XUV-700 अनियंत्रित होकर लगभग 50 मीटर गहरी खाई में नदी किनारे जा गिरी। वाहन में चालक सहित पांच लोग सवार थे।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। राहत एवं बचाव दल ने खाई में गिरे वाहन तक पहुंचकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

दुर्घटना में दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जबकि चालक समेत तीन अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस की सहायता से जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन में सवार सभी यात्री पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत के विभिन्न क्षेत्रों से केदारनाथ धाम की यात्रा पर निकले थे। दुर्घटना के बावजूद सभी यात्रियों का सुरक्षित बच जाना राहत की बात रही।

स्थानीय प्रशासन, पुलिस और रेस्क्यू टीमों की तत्परता से समय रहते राहत कार्य पूरा किया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *