अंकुर पंत का उत्तराखंड पीसीएस-2026 में चयन, लौकोट गांव में खुशी की लहर
Latest देहरादून न्यूज

अंकुर पंत का उत्तराखंड पीसीएस-2026 में चयन, लौकोट गांव में खुशी की लहर

भतरौजखान क्षेत्र के ग्राम लौकोट के पूर्व ग्राम प्रधान कैलाश पंत के पुत्र अंकुर पंत का उत्तराखंड पीसीएस-2026 परीक्षा में चयन होने पर पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि पर ग्रामीणों, शुभचिंतकों और जनप्रतिनिधियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।

गुरुवार को श्रम संविदा बोर्ड अध्यक्ष कैलाश पंत ग्राम लौकोट पहुंचे, जहां उन्होंने अंकुर पंत और उनके परिवारजनों को पुष्पमाला पहनाकर एवं गुलदस्ता भेंट कर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अंकुर पंत की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और कठिन परिश्रम तथा लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

पूर्व ग्राम प्रधान कैलाश पंत, भाजपा नेता प्रकाश पंत के चचेरे भाई हैं। अंकुर पंत ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत और सकारात्मक सोच के बल पर प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त की जा सकती है।

श्रम संविदा बोर्ड अध्यक्ष कैलाश पंत ने अंकुर के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है और इससे अन्य युवा भी प्रशासनिक सेवाओं में जाने के लिए प्रेरित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *