खटीमा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा स्थित पूर्णागिरि मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की तथा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का सन्देश दिया।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने मंदिर परिसर में स्वयं श्रमदान करते हुए स्वच्छता गतिविधियों में भाग लिया और लोगों को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए सभी लोगों को सक्रिय सहभागिता निभानी होगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने घरों, मोहल्लों, सार्वजनिक स्थलों तथा कार्यस्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच और बेहतर जीवनशैली को भी बढ़ावा देता है।
मुख्यमंत्री ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृ सम्मान का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। इससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित पर्यावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड प्रकृति की अनमोल धरोहरों से समृद्ध राज्य है और इन प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। अधिक से अधिक पौधरोपण कर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप मिला है। आज करोड़ों लोग इन अभियानों से जुड़कर देश को स्वच्छ और हरित बनाने की दिशा में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनभागीदारी के माध्यम से उत्तराखंड भी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में नई मिसाल कायम करेगा।
- कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पौधरोपण एवं स्वच्छता अभियान में भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
