सोमवती अमावस्या पर हरिद्वार में उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में डुबकी, शहर में लगा लंबा जाम
Latest धार्मिक/धर्म-समाचार राज्य

सोमवती अमावस्या पर हरिद्वार में उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में डुबकी, शहर में लगा लंबा जाम

हरिद्वार। सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था का विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं ने मां गंगा में पवित्र स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। सुबह से ही हर की पौड़ी, चंडी घाट और अन्य प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।

श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और कल्याण की कामना की। हर की पौड़ी सहित सभी प्रमुख घाटों पर सुबह से लंबी कतारें लगी रहीं और दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी रही। घाटों पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला।

वहीं श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड भीड़ का असर शहर की यातायात व्यवस्था पर भी साफ दिखाई दिया। चंडी घाट, हर की पौड़ी, राष्ट्रीय राजमार्ग और शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का भारी दबाव रहा। कई स्थानों पर लंबा जाम लग गया और वाहन चालकों को घंटों तक यातायात बाधित रहने का सामना करना पड़ा।

सोमवती अमावस्या, सप्ताहांत (वीकेंड) और चारधाम यात्रा के चलते इस बार श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक रही। निजी वाहनों, बसों और चारधाम यात्रियों की बढ़ती संख्या के कारण शहर की सड़कें पूरी तरह वाहनों से भर गईं।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने पहले से विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया था और विभिन्न मार्गों पर डायवर्जन की व्यवस्था की गई थी। इसके बावजूद अनुमान से अधिक श्रद्धालु पहुंचने के कारण यातायात व्यवस्था पर भारी दबाव बना रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी दिनभर ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखने के प्रयासों में जुटे रहे।

देर शाम तक गंगा घाटों और शहर की सड़कों पर श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही। एक ओर जहां सोमवती अमावस्या पर हरिद्वार में आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला, वहीं दूसरी ओर भारी भीड़ ने प्रशासन और यातायात व्यवस्था के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *